Showing posts with label ब्यूटी टिप्स. Show all posts
Showing posts with label ब्यूटी टिप्स. Show all posts

Sunday, 3 January 2016

खीरे का फेसपैक (Benefits of Cucumber Face Pack )

क्या आप जानती हैं खीरा एक बेहतरीन ब्यूटी प्रोडक्ट है? सलाद के रूप में तो हम सभी इसका इस्तेमाल करते हैं ही लेकिन अगर आप चाहें तो इसे रूप निखारने के लिए भी इस्तेमाल में ला सकती हैं. खीरे में कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो त्वचा को खूबसूरत बनाने के काम आते हैं.

सर्दियों में त्वचा अपनी रंगत खो देती है और अगर आप चाहती हैं कि इस मौसम में भी आपकी त्वचा खूबसूरत और जवान बनी रहे तो आप खीरे का इस्तेमाल कर सकते हैं. आप चाहें तो सप्ताह में सिर्फ दो बार खीरे का पैक उपयोग में लाकर गोरी-निखरी त्वचा पा सकती हैं. खीरे का रस रंध्रों में मौजूद गंदगी को साफ करने का काम करता है और इससे त्वचा में निखार आता है. साथ ही त्वचा में कसावट भी आती है.

कैसे बनाएं खीरे का फेसपैक?

एक सामान्य आकार के खीरे को बारीक काट लें. इस खीरे को ब्लेंड करके एक पेस्ट बना लें. इसमें चार चम्मच दही मिलाकर एक पेस्ट बना लें. इसके बाद इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर कुछ देर के लिए लगाकर छोड़ दें. जब पेस्ट हल्का सूखने लगे तो इसे साफ कर लें और उसके बाद साफ पानी से चेहरा धो लें.

खीरे का फेसपैक इस्तेमाल करने के फयदे:

1. खीरे में मुख्य रूप से पानी ही होता है. यह ड्राई स्क‍िन के लिए बहुत फायदेमंद होता है. यह त्वचा को प्राकृतिक रूप से नमी देने का काम करता है. इसके इस्तेमाल से त्वचा में निखार आता है.

2. खीरे में पर्याप्त मात्रा में विटामिन ए पाया जाता है. ये त्वचा के हर प्रकार के संक्रमण को दूर करने में कारगर होता है. ये त्वचीय कोशिकाओं को पोषण देने का काम करता है.

3. बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने के लिए भी खीरे का फेस पैक बहुत फायदेमंद होता है. इसमें मौजूद विटामिन सी दाग-धब्बों को दूर करने का काम करता है.

खूबसूरत त्वचा के लिए नहीं करनी पड़ेगी मेहनत (Easy Beauty Tips for Lazy Girls )

निखरी और खूबसूरत त्वचा पाना हर किसी का सपना होता है, खासतौर पर लड़कियों का. शायद ही कोई लड़की होगी जो अपने लुक्स को लेकर गंभीर न हो. मनचाही त्वचा पाने के लिए वे बहुत कुछ करती भी हैं. पार्लर जाना, घरेलू उपाय करना और न जाने क्या-क्या. पर वहीं कुछ लड़कियां ऐसी भी होती हैं जिन्हें निखरी त्वचा तो चाहिए होती है पर वे उसके लिए मेहनत करने से कतराती हैं.

अगर आप भी ऐसी ही लड़कियों में से हैं तो दिल छोटा करने की जरूरत नहीं है. अगर आप चाहें तो बिना किसी मेहनत के भी खूबसूरत और निखरी त्वचा पा सकती हैं. अगर आप अब भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रही हैं तो आपको बता दें कि ये किसी तरह का मजाक नहीं है और खूबसूरत त्वचा पाना कोई मुश्किल काम नहीं है. बस आपको करना ये है कि खुद के प्रति संवेदनशील बने रहें.

अगर आपकी त्वचा ड्राई या फिर ऑयली है तो आपको थोड़ा अधिक गंभीर होने की जरूरत है.

1. जितना ज्यादा हाे सके उतना अधिक पानी पिएं. जी हां, ये खूबसूरत त्वचा पाने का एक नुस्खा है. इससे त्वचा की नमी बनी रहती है. साथ ही पानी पीने से त्वचा कोमल और ग्लोइंग बनती है.

2. जितनी बार भी आप बाहर से घर आएं उतनी बार चेहरे को साफ, ठंडे पानी से धोएं. जरूरी नहीं है कि आप हर बार फेसवॉश से ही चेहरा धोएं. पानी से भी चेहरा धोना फायदेमंद रहता है. इससे चेहरे पर मौजूद गंदगी धुल जाती है और सूक्ष्म रंध्र बंद नहीं होते हैं.

3. अगर आपने चेहरे पर मेकअप लगा रखा है तो कोशिश कीजिए कि उसे साफ करने के बाद ही सोएं. चेहरे पर बहुत देर तक मेकअप लगा रहना सही नहीं है. इससे त्वचा का नेचुरल ग्लो फीका पड़ने लगता है.

4. खूबसूरत त्वचा के लिए पर्याप्त नींद लेना भी बहुत जरूरी है. हमारी नींद हमारी बॉडी को रीचार्ज करने का काम करती है. ऐसे में फ्रेश त्वचा पाने के लिए पूरी नींद लेना बहुत जरूरी है.

5. दोपहर के समय सूरज की रोशनी में खुले बदन जाने से परहेज करना चाहिए. इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है.

6. आपका खान-पान अच्छा होना चाहिए. साथ ही ये बेहद जरूरी है कि आप जो कुछ भी खाएं वो फ्रेश हो और अगर वो पौष्ट‍िक है तो इससे बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता. 

सर्दियों में होंठो की देखभाल (Easy Tips to Treat Dry Cracked Lips)

सर्दियों का मौसम आते ही जहां पूरा शरीर शुष्क होने लगता है वहीं होंठों के फटने की समस्या भी हो जाती है. ये एक बेहद आम परेशानी है. ये तो आप भी जानते होंगे कि हमारे होंठों की त्वचा, शरीर के किसी भी दूसरे भाग की तुलना में कहीं अधिक पतली और संवेदनशील होती है.

ठंडी हवाओं और मौसम के बदलने से होंठों की नमी कहीं खो सी जाती है और वे फटने लग जाते हैं. ऐसे में ये बेहद जरूरी हो जाता है कि हम अपने होंठों का अच्छी तरह से ख्याल रखें ताकि वो हमेशा कोमल, मुलायम और खूबसूरत बने रहें.

इससे पहले की हम आपको ये बताएं कि होंठों की देखभाल कैसे करें ये जानना बहुत जरूरी है कि होंठ फटने के क्या-क्या कारण हो सकते हैं. मौसम बदलने के साथ ही हमारी कुछ आदतें भी इस परेशानी के लिए जिम्मेदार होती हैं. जो लोग अपने होंठ चबाते हैं, बार-बार होंठों पर जीभ फेरते हैं या कम पानी पीते हैं उन्हें भी इस समस्या से दो-चार होना पड़ता है. वहीं सस्ते और घटिया किस्म के रसायनिक उत्पादों के इस्तेमाल से भी होंठ फटने लग जाते हैं. होंठ फटने का एक दूसरा कारण हॉर्मोन्स का असंतुलित होना भी हो सकता है.

अगर आपके होंठ भी फट रहे हों तो अपनाएं ये उपाय:


1. अगर आपके होंठ फट रहे हैं तो इसका सीधा सा मतलब है कि आपके शरीर में नमी की कमी है. बाहरी तौर पर आप चाहे कुछ भी लगा लें लेकिन जब तक अंदरुनी नमी नहीं रहेगी, कोई फायदा नहीं होगा.

2. शरीर में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए. सर्दियों में भी कोशिश करें कि रोजाना 8 से 10 गिलास पानी पिएं. होंठ सूख रहे हों तो उन पर जीभ फेरने की गलती न करें.

3. आप जो भी उत्पाद इस्तेमाल करें वो उच्च गुणवत्ता वाला होना चाहिए. आप चाहें तो बादाम के तेल या फिर जोजोबा ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

4. कई बार होंठों का फटना पोषक तत्वों की कमी की वजह से भी होता है. ऐसे में अपने खानपान का पूरा ख्याल रखें ताकि शरीर को किसी तत्व की कमी न होने पाए.

5. उंगली में थोड़ा सा देशी घी लेकर होंठ पर हल्के-हल्के से मसाज करें. इससे रक्त संचार बढ़ेगा और होंठों के फटने की समस्या में राहत मिलेगी. 

घर बैठे कीजिए ब्लीच, इन घरेलू उपायों से(Effective Natural Bleach Items for Skin)

त्वचा के डेड सेल्स को हटाने के लिए बहुत से लोग ब्लीच का सहारा लेते हैं. ब्लीच करने के बाद त्वचा की रंगत साफ होती है और इस पर एक अलग ही निखार नजर आता है. पर कई बार ब्लीच कराना खतरनाक भी साबित हो जाता है और इससे त्वचा प्रभावित हो जाती है. अगर आप नेचुरल ब्लीच करती हैं तो त्वचा को किसी भी प्रकार से नुकसान होने का खतरा बहुत हद तक कम हो जाता है.
अच्छी बात ये भी है नेचुरल तरीके से ब्लीच करने पर आप उसका असर भी तुरंत ही पा जाते हैं. बाजार में हजारों की संख्या में उत्पाद मौजूद हैं जो ये दावा करते हैं कि वे बेस्ट हैं. ये प्रोडक्ट्स हो भी सकते हैं लेकिन यह जरूरी नहीं है कि बाजार का हर बेहतरीन उत्पाद आपके लिए भी बेहतरीन ही साबित हो. इन उत्पादों में कई प्रकार के रसायनिक तत्व मिले होते हैं जो त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं.

कई बार बाजार में बिकने वाले इन ब्लीच के बहुत अधिक इस्तेमाल से झुर्रियां आ जाती हैं. त्वचा की रंगत तो हल्की होती है लेकिन इससे उम्र से पहले ही बुढ़ापा झलकने लग जाता है. ऐसे में बेहतर होगा कि आप नेचुरल चीजों का रुख करें. जो हर हाल में बाजार में बिकने वाली चीजों से बेहतर होती हैं.

1. टमाटर
टमाटर एक बेहतरीन ब्यूटी प्रोडक्ट है. एक पके हुए टमाटर का रस निकाल लें. अब इस रस को पूरे चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें. उसके बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें. इस उपाय को हर रोज करें और यकीन मानिए परिणाम देखकर आप खुद भी हैरान होंगे.

2. दही 
दही में कई तरह के एंजाइम मौजूद होते हैं. साथ ही इसमें मौजूद लैक्ट‍िक एसिड त्वचा की रंगत निखारने का काम करता है. चेहरे पर दही लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. इसके बाद चेहरे को सामान्य पानी से धो लीजिए. इस प्रक्रिया को दो सप्ताह तक लगातार करें और परिणाम देखकर आपका दिल खुशी से झूम उठेगा.


3. नींबू
नींबू को नेचुरल ब्लीच के तौर पर जाना जाता है. इसमें ब्लीचिंग एजेंट होते हैं. सोने से पहले चेहरे पर नींबू का रस लगाकर सोएं. इस प्रक्रिया को कुछ-कुछ दिनों के अंतराल पर करते रहें. इस प्रक्रिया से आपके चेहरे पर एक अलग ही निखार आ जाएगा.

4. आलू 
आलू का रस चेहरे की रंगत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है. आलू के रस को चेहरे पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. उसके बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें. इस प्रक्रिया को सप्ताह में एक बार करें.

5. पपीता 
पपीता भी एक नेचुरल ब्लीच है. पपीते के रस को चेहरे पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दीजिए और उसके बाद हल्के गुनगुने पानी से चेहरा धो लें. इस प्रक्रिया को कुछ दिन लगातार करें.